नई दिल्ली, जेएनएन। 22 अक्टूबर से महाराष्ट्र में सिनेमाघर खुलने का एलान होते ही फ़िल्म इंडस्ट्री हरकत में आ गयी और एक के बाद एक धड़ल्ले से फ़िल्मों की रिलीज़ डेट्स का एलान किया जाने लगा। हालांकि, बड़े बजट की फ़िल्में सिनेमाघरों में नवम्बर से ही रिलीज़ होना शुरू होंगी। इससे पहले अक्टूबर में कुछ बॉलीवुड फ़िल्मों के अलावा हॉलीवुड फ़िल्में सिनेमाघरों को गुलज़ार करेंगी। वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी कुछ अहम बॉलीवुड फ़िल्में रिलीज़ की कतार में हैं।
IN CINEMAS
22 अक्टूबर को प्रतीक गांधी की फ़िल्म भवाई सिनेमाघरों में आएगी। हार्दिक गज्जर निर्देशित भवाई की कहानी 1982 में गुजरात के एक गांव में सेट है। यह ड्रामा कम्पनी में काम करन वाले स्थानीय युवक राजाराम जोशी और रानी के बारे में है, जिनकी निजी ज़िंदगी उनके काम की वजह से प्रभावित होने लगती है। फ़िल्म में ऐंद्रिता रे फीमेल लीड रोल में हैं। इन दोनों के अलावा राजेंद्र गुप्ता, राजेश शर्मा और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में दिखेंगे। यह फ़िल्म पहले एक अक्टूबर को रिलीज़ हो रही थी, मगर महाराष्ट्र में सिनेमाघर खुलने के एलान के बाद रिलीज़ डेट 22 अक्टूबर कर दी गयी।
हॉलीवुड फ़िल्म वेनम- लेट देयर बी कारनेज (venom- Let There Be Carnage) की रिलीज़ डेट एक दिन पहले कर दी गयी है। फ़िल्म अब 14 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी, जबकि महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर को रिलीज़ होगी। भारत में यह फ़िल्म अंग्रेज़ी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ हो रही है। दर्शक इस फ़िल्म का लुत्फ़ 3डी, आईमैक्स और 4 डीएक्स जैसे फॉर्मेट्स में उठा सकेंगे।
IN OTT SPACE
अब अगर ओटीटी स्पेस की बात करें तो एक अक्टूबर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर सनी कौशल और राधिका मदान स्टारर शिद्दत हो रही है। वहीं, दशहरे के मौक़े पर तीन अहम फ़िल्में विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आ रही हैं। इनमें एक है रश्मि रॉकेट, दूसरी सरदार ऊधम और तीसरी है सनक। रश्मि रॉकेट ज़ी5 पर15 अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है। यह एक मुद्दापरक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसमें तापसी के साथ प्रियांशु पेन्युली और अभिषेक बनर्जी मुख्य स्टारकास्ट का हिस्सा हैं।
View this post on Instagram
दूसरी फ़िल्म है सरदार ऊधम, जो 16 अक्टूबर को अमेज़न प्राइम वीडियो पर आ रही है। शूजित सरकार निर्देशित फ़िल्म क्रांतिकारी सरदार ऊधम सिंह के जीवन की प्रमुख घटनाओं पर आधारित है। फ़िल्म में विक्की कौशल ऊधम सिंह के रोल में हैं। फ़िल्म का ट्रेलर 30 सितम्बर को रिलीज़ किया जाएगा।
View this post on Instagram
विद्युत जाम्वाल की सनक 15 अक्टूबर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। यह एक्शन फ़िल्म है। इस फ़िल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है। फ़िल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा ने किया है। बंगाली अभिनेत्री रुक्मिणी मैत्रा फीमेल लीड रोल में हैं। रुक्मिणी का यह बॉलीवुड डेब्यू है। विपुल और विद्युत की यह पांचवी फ़िल्म है। विद्युत ने बॉलीवुड फ़िल्मों में करियर फोर्स से शुरू किया था, जिसमें उन्होंने जॉन अब्राहम के अपोज़िट नेगेटिव रोल निभाया था। निशिकांत कामत निर्देशित फ़िल्म का निर्माण विपुल ने ही किया था।
वहीं, इमरान हाशमी की हॉरर फ़िल्म डिबुक (Dybbuk) भी अक्टूबर में आएगी। यह फ़िल्म मलयालम हॉरर फ़िल्म एज़्रा का आधिकारिक रीमेक है। हालांकि, इसकी डेट अभी तय नहीं की गयी है।