MP Sports News Madhya Pradesh Hockey Academys bang win over HAR Hockey Academy

Publish Date: | Thu, 07 Oct 2021 08:45 PM (IST)

MP Sports News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। प्रथम सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनिशप के चौथे दिन मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने एचएआर हॉकी अकादमी पर 6-2 से धमाकेदार जीत दर्ज की। इसके अलावा अन्‍य मुकाबलों में गुमानहेरा राइजर्स और जय भारत हॉकी अकादमी ने अपने-अपने मुकाबले जीते। वहीं, ध्यानचंद हॉकी अकादमी और मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी के बीच मैच ड्रॉ रहा।

भारतीय खेल प्राधिकरण साई में हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में यह प्रतियोगिता खेली जा रही है। मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने अपने पहले मुकाबले में एचएआर हॉकी अकादमी को 6-2 से पराजित किया। पहले क्वार्टर में एचएआर के कप्तान साहिल ने मैदानी गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे क्वार्टर में मप्र अकादमी के खिलाड़ियों ने धमाकेदार वापसी करते हुए दो गोल दाग दागे। एचएआर के विनय ने अगले ही मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मुकाबले में 2-1 की बढ़त बना ली। मैच के 26वें मिनट में मप्र हॉकी अकादमी के कप्तान अली अहमद ने मैदानी गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। तीसरे क्वार्टर में मप्र हॉकी अकादमी के डेनिक टेलम सिंह ने मैदानी गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। 40वें और 45वें मिनट में मोहम्मद कोनैन दाद ने लगातार गोल कर टीम की बढ़त को 5-2 कर दिया। मोहम्मद अनस ने मैच के 59वें मिनट में मैदानी गोल करते हुए टीम को 6-2 से आगे कर दिया। गुरुवार को खेले गए अन्‍य मुकाबलों में ध्यानचंद हॉकी अकादमी और मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा। दूसरे मुकाबले में गुमानहेरा राइजर्स अकादमी ने मालवा हॉकी अकादमी हनुमानगढ़ को एकतरफा 23-0 से पराजित किया। मैच में गुमानहेरा की ओर से गोविंद ने सर्वाधिक 6 गोल दागे। युवराज सिंह ने 4, कप्तान मोहम्मद जाइद ने 3, कुणाल सिंह चिकारा, अक्षय कुमार व नमन शर्मा ने 2-2 गोल किए। वहीं, हर्ष फलसवाल, मनजीत, आदित्य कटारिया और प्रदीप ने 1-1 गोल किए। अन्य मैच में जय भारत हॉकी अकादमी ने एचआईएम अकादमी को 4-0 से हराया।

Posted By: Lalit Katariya

NaiDunia Local
NaiDunia Local