Publish Date: | Thu, 30 Sep 2021 07:15 PM (IST)
– स्थानीय पुलिस वापस लाई लड़की को घर
मंडलेश्वर (नईदुनिया न्यूज)। समीपस्थ ग्राम गुलावड़ निवासी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की इंटरनेट मीडिया के अपने दोस्त से मिलने जम्मू-कश्मीर पहुंच गई। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिला पहुंचने पर लड़के के घरवालों ने इस बात की सूचना सरपंच के माध्यम से स्थानीय थाने को दी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एसपी कार्यलय खरगोन लड़की के बारे में सूचना दी। थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 सितंबर को लड़की अपने ग्राम गुलावड़ से खंडवा के लिए निकली। खंडवा से ट्रेन के द्वारा लड़की जम्मू-कश्मीर के कठुआ पहुंची। लड़के के घर पहुंचने के बाद लड़के के स्वजनों ने व्यवहारिकता दिखाते हुए स्थानीय सरपंच के माध्यम से तत्काल स्थानीय थाने को सूचित किया। एसपी कार्यालय खरगोन को जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि 17 वर्षीय नाबालिग लड़की उक्त कारणों से कठुआ तक पहुंच गई है। जो की स्थानीय पुलिस की अभिरक्षा में सुरक्षित है। इसके बाद थाना मंडलेश्वर से चार लोगों की टीम का गठन किया गया। जिसमें सब इंस्पेक्टर रितेश तायड़े, महिला आरक्षक सुनीता बामनिया, प्रधान आरक्षक अमर सोलंकी, आरक्षक चेतन प्रजापत के साथ लड़की के स्वजन लड़की को लेने जम्मू कश्मीर पहुंचे।
अज्ञात आरोपित पर हुआ मामला दर्ज
सब इंस्पेक्टर तायड़े ने बताया कि 22 सितंबर को जानकारी मिलने के बाद लड़की की मां ने अज्ञात आरोपित के नाम से कायमी दर्ज करवाई। लड़की के वापस मंडलेश्वर पहुंचने के बाद लड़की के बयान लिए गए। प्रथम दृष्टया बालिका के साथ किसी तरह का अपराध नहीं हुआ है। बाकी इन्वेस्टीगेशन जारी है। लड़की करीब डेढ़ से दो साल से लड़के से इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जुड़ी हुई थी। 18 सितंबर को घरवालों को बिना बताए लड़की घर से जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हो गई। 27 सितंबर के दिन टीम लड़की को लेकर मंडलेश्वर पहुंची। पहुंचने के बाद कागजी कार्रवाई कर लड़की को सुरक्षित स्वजनों को सौंपा।
दीवार में सुराख कर घुसे चोर
-30केएचआर-02-भग्यापुर में दीवार में सुराख कर चोर अंदर घुसे। -नईदुनिया
भग्यापुर। ग्राम में बुधवार रात्रि को करीब दो बजे रमेश पुत्र सखाराम के घर चोरी की घटना हुई। घर के अंदर दीवार में सुराख कर चोर घुसे। गुरुवार की सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुले तो उन्होंने देखा कि मकान के अंदर बंधी हुई बकरियां और गेहूं के कट्टे गायब थे। बकरियों को आसपास क्षेत्रों में ढूंढा लेकिन पता नहीं चल पाया। भगवानपुरा पुलिस थाने में उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है।
Posted By: Nai Dunia News Network

