वेंकटेश्वर राव, जमशेदपुर। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा बायोमीट्रिक्स हाजिरी को लेकर की गई समीक्षा बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के 1600 शिक्षकों के रोजाना अनुपस्थित होने की बात सामने आई है। इसे लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव राजेश शर्मा ने भी नाराजगी जाहिर की है।
इसके बाद पूर्वी सिंहभूम जिला का शिक्षा विभाग रेस हुआ है। जिला शिक्षा पदाधिकारी एसडी तिग्गा ने सभी स्कूलों को पत्र लिख स्थिति स्पष्ट करने का आदेश दिया है तथा 1600 शिक्षकों के वेतन पर रोक लगा दी है। मालूम हो कि सरकारी शिक्षक, पारा शिक्षक के अलावा शिक्षा विभाग के सभी कर्मियों को बायोमीट्रिक्स हाजिरी बनाना अनिवार्य है। विभाग के अनुसार यह सही ढंग से नहीं हो पा रहा है।
बायोमीट्रिक्स टैब में छुट्टी भरने का विकल्प नहीं
दरअसल, इतनी संख्या में शिक्षकों के अनुपस्थित में तकनीकि गड़बड़ी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बायोमीट्रिक्स टैब में छुट्टी भरने, प्रतिनियुक्त स्थल पर कार्य करने के बाद ऑन ड्यूटी भरने का कोई विकल्प नहीं है। इस कारण इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों को अनुपस्थित दिखाया जा रहा है। इससे शिक्षक परेशान हो रहे हैं। शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाना कोई निवारण नहीं है। इस समस्या का निवारण किया जाना चाहिए।
किस प्रखंड में कितने शिक्षक अनुपस्थित
प्रखंड का नाम – अनुपस्थित शिक्षक
बहरागोड़ा – 129
बोड़ाम – 74
चाकुलिया – 148
धालभूमगढ़ – 117
डुमरिया – 101
घाटशिला – 119
गुड़ाबांधा – 59
जमशेदपुर – 465
मुसाबनी – 109
पटमदा – 116
पोटका – 233
कुल : 1670