Publish Date: | Fri, 01 Oct 2021 11:55 AM (IST)
Gwalior Health News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मुरार जिला चिकित्सालय में बुधवार की सुबह इलाज के लिए समाजसेवियों द्वारा भर्ती कराए गए वृद्ध की शाम को मौत हो गई। वृद्ध की मौत की जानकारी अस्पताल में किसी को नहीं लगी। इसके बाद सुबह जब आसपास के मरीजों ने बिस्तर पर वृद्ध को मृत देखा तो इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी, लेकिन दोपहर तक शव को नहीं उठाए जाने के कारण मरीज गैलरी में आ गए और वहीं पर उन्हें ड्रिप आदि लगाई गई। शाम को अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खोजबीन कर मृतक के स्वजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम हाउस में भिजवाया।
कुंदन जाटव का विवाह नहीं हुआ था और वह मुरार क्षेत्र में ही घूमते रहते थे। कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी, जिसके चलते उन्हें समाजसेवियों ने जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। इसके बाद बुधवार शाम को उनकी मौत हो गई। मौत की जानकारी आसपास के मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन को दी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने शव को नहीं उठवाया। इसके बाद मरीज वार्ड से बाहर गैलरी में निकल आए और वहीं पर ड्रिप आदि लगवाकर उनका इलाज किया जाने लगा। शाम के समय अस्पताल प्रबंधन ने मुरार पुलिस को बुलाया। पुलिस ने खोजबीन कर मृतक के परिजनों का पता निकाला। मृतक कुंदन जाटव की बहन गोमती नेहरू पेट्रोल पंप के पास रहती हैं। पुलिस ने इसकी सूचना गोमती और उसके बेटे जगदीश को दी। जिसके बाद दोनों अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त कुंदन जाटव के रूप में की। इसके बाद शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम हाउस में भिजवा दिया गया।
Posted By: vikash.pandey

