Publish Date: | Mon, 04 Oct 2021 12:48 AM (IST)
नेपानगर (बुरहानपुर), नईदुनिया न्यूज। नेहरू युवा केंद्र बुरहानपुर द्वारा क्लीन इंडिया कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को ग्राम बोरसल व आसपास के ग्रामों में घर-घर से सिंगल यू प्लास्टिक को एकत्रित किया गया। जिला युवा अधिकारी पंकज गोस्वामी ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक क्लीन इंडिया कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ग्रामों से वालेंटियर्स एवं युवा मंडलों के द्वारा सिंगल यू प्लास्टिक को एकत्रित किया जाएगा। स्वच्छता कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों, एनजीओ, संस्थाओं, यूथ क्लबों, महिलाओं सहित सभी की जनभागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
शिवाजी चौराहे पर चलाया स्वच्छता अभियान
नेपानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान के तहत दो अक्टूबर गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर वार्ड क्रमांक 10 में शिवाजी चौराहे के आसपास कचरे की सफाई की गई। इस अवसर पर वार्ड प्रभारी मनोज माहेश्वरी, वार्ड पार्षद ज्ञानेष्वर महाजन सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुषों ने भाग लेकर स्वच्छता अभियान को सार्थक किया।
अंबाड़ा में गांधी जयंती मनाई
नेपानगर। ग्राम अंबाड़ा में शनिवार को गांधी जयंती मनाई गई। इस मौके पर ग्रामीणों ने गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण किया। साथ ही उनके द्वारा देश के प्रति दिए गए बलिदान को याद किया गया। इस दौरान आत्माराम लहानु, अशोक पाटिल, भागीरथ पाटिल, मधुकर चौधरी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
मेंटेनेंस के कारण आज छह घंटे बंद रहेगी बिजली
नेपानगर में मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सोमवार को 33केवी नेपानगर ग्रिड सब स्टेशन से निकले 11 केवी मातापुर फीडर का पोस्ट मानसून मेंटेनेंस किया जाएगा। इसके कारण सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक छह घंटे विभिन्ना क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी। सहायक यंत्री आरके पाटिल ने बताया कि इस दौरान मातापुर बाजार, संजय नगर, राजीव नगर, राहुल नगर, गिट्टी खदान क्षेत्र, डी-वन कॉलोनी, पांधार एरिया, ई-टाइप कॉलोनी, कांट्रेक्टर कॉलोनी, ग्राम चांदनी और निंबोला वितरण केंद्र के असीर, दहीनाला, हसनपुरा में बिजली सप्लाई बंद रहेगी।
Posted By: Nai Dunia News Network

