Publish Date: | Sat, 02 Oct 2021 05:37 PM (IST)
बिलासपुर। Bilaspur Crime News: सरकंडा क्षेत्र के अपोलो चौक में बाइक सवार ग्रामीण को रोककर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। फिर उनका मोबाइल और गले का चेन लूट लिया। हमले में घायल ग्रामीण ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर दो आरोपित को गिरफ्तार किया है। सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि सीपत क्षेत्र के लुतरा निवासी परदेसी राम उइके(27) किसी काम से रायपुर गए थे। शाम सात बजे वे बाइक से अपने साथी महेंद्र सिंह के साथ सरकंडा के अपोलो चौक के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
युवक उन्हें धमकाने लगे। इसका विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकाल कर परदेसी के कंधे में मार दिया। हमले से दोनों डर गए। इसी दौरान युवकों ने परदेसी के गले से चेन निकाल लिया। वहीं, महेंद्र का मोबाइल लूट लिया। इसके बाद दोनों युवक वहां से भाग निकले। भीड़भाड़ के बीच हुई इस घटना की शिकायत परदेसी ने सरकंडा थाने में की। इस पर पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने लिंगियाडीह निवासी राजेंद्र गोंड़ और उसके साथी सूरज दास मानिकपुरी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवकों ने घटना को अंजाम देना बताया। पुलिस ने आरोपित युवकों के कब्जे से लूट का चेन और मोबाइल जब्त कर लिया है।
पहले भी हो चुके हैं गिरफ्तार
सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि आरोपित राजेंद्र चोरी और लूट के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। वहीं, सूरज के खिलाफ भी सरकंडा थाने में मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपित के पुराने मामले भी निकाल रही है। इसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Posted By: Yogeshwar Sharma

