Publish Date: | Sun, 03 Oct 2021 01:05 AM (IST)
बड़वानी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के अंजड़ से मंडवाड़ा के बीच शुक्रवार देर रात एक कार बाइक को टक्कर मारने के बाद काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। टक्कर से बाइक पर बैठी महिला पहले ही गिर गई। बाद में उसकी मौत हो गई जबकि युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उधर कार चालक कार सहित मौके से फरार हो गया था। बाद में कार घटनास्थल से दूर अंजड़ के समीप सुनसान जगह लावारिस स्थिति में पाई गई।
जानकारी अनुसार शुक्रवार देर रात तलवाड़ा-डेब निवासी रवि कुमावत बाइक से अपनी मामी लाड़की बाई पत्नी उमेंद्र को बाइक क्रमांक एमपी-46 एमसी-0454 से तलून से अपने गांव की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक कार में फंस गई। लाड़कीबाई तो वहीं गिर गई लेकिन रवि बाइक व कार के बीच फंस गया। कार चालक उसे बाइक सहित काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया।
नशे में लग रहे थे कार सवार
घटना के प्रत्यक्षदर्शी अंजड़ निवासी गोपालसिंह पंवार ने बताया कि हमने कार को बाइक व बाइक सवार को घसीटते हुए देखा तो पीछा किया। कार सवार बाइक को घसीटते हुए तेजी से बहुत दूर तक ले गया। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। दोनों गंभीर घायलों को टोल एंबुलेंस से अंजड़ सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया, जहां डाक्टर ने लाड़कीबाई को मृत घोषित किया। वहीं गंभीर घायल रवि को भर्ती किया गया।
देर तक नहीं आई एंबुलेंस
इधर घटना के बाद मौके पर व फिर अंजड़ अस्पताल में लोगों की भीड़ लगी। घायलों को अंजड़ से बड़वानी जिला अस्पताल रैफर किए जाने के बाद काफी देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इस पर ग्रामीणों ने आक्रोश भी जताया। उधर शनिवार को अंजड़ के बड़वानी मार्ग पर शिव हाईटैक सिटी के पास सुनसान क्षेत्र में कार क्रमांक एमपी-46 सी-2047 पाई गई, जो आगे से क्षतिग्रस्त थी।
दुर्घटनाओं की वजह अच्छा रोड भी!
ज्ञात हो कि अंजड़ के समीप ग्राम चकेरी से ठीकरी तक मार्ग का निर्माण कुछ समय पूर्व ही हुआ है। यह मार्ग बड़वानी-ठीकरी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक एनएच-347बी कहलाता है। नवीन मार्ग सीमेंटीकृत होकर बेहतर स्थिति में है, इसके चलते इस पर वाहनों की गति बेलगाम देखने को मिल रही है। मार्ग पर रात्रि में प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त होने से गत दिनों ग्रामीणों ने हंगामा भी किया था। इसके बाद मार्ग निर्माण कंपनी ने कुछ हिस्से में प्रकाश व्यवस्था की है। जानकारी अनुसार इस मार्ग पर गत एक माह में छोटी-बड़ी 20 से अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें चार लोगों की जान जा चुकी है। वहीं करीब 20 लोग घायल हुए हैं।
Posted By: Nai Dunia News Network

