एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला Published by: ललित फुलारा Updated Sat, 02 Oct 2021 08:58 PM IST
अभिनेत्री नीलिमा अजीम का निजी जीवन त्रासदीपूर्ण रहा है। उन्होंने तीन शादियां कीं, लेकिन एक भी नहीं टिक पाई। उनकी पहली शादी अभिनेता पंकज कपूर से हुई थी। कुछ ही सालों बाद वो पंकज कपूर से अलग हो गईं। पंकज कपूर से तलाक के बाद उन्होंने राजेश खट्टर के साथ शादी की। ये शादी भी उनकी ज्यादा नहीं चली। इसके बाद उन्होंने अभिनेत्री रजा अली खान से शादी की। हालांकि, यह रिश्ता भी सिर्फ पांच साल ही चल पाया।
नीलिमा अजीम और पंकज कपूर ने साल 1975 में एक-दूसरे से शादी की। विवाह के वक्त अभिनेता पंकज कपूर 21 साल के और नीलिमा अजीम 16 साल की थीं। नीलिमा और पंकज ने शादी के 9 साल बाद 1984 में एक-दूसरे से तलाक ले लिया। जिस वक्त नीलिमा अजीम और पंकज कपूर एक-दूसरे से अलग हुए उस वक्त शाहिद कपूर सिर्फ साढ़े तीन साल के थे। नीलिमा ने अकेले ही शाहिद कपूर की परवरिश की। नीलिमा ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब उन्हें पंकज कपूर ने फिल्मों और टीवी में किस्मत आजमाने के लिए मुंबई में छोड़ा था, उससे पहले ही उन्हें अपने गर्भवती होने के बारे में पता चल गया था।